JHANSI NEWS: राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत मंडल खेलकूद संघ, झांसी एवं सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट द्वारा संयुक्त रूप से तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 28 से 30 अगस्त तक चलने वाले अभियान के तहत झांसी एवं ग्वालियर में हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस एवं शतरंज सहित विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन)/मंडल खेलकूद अधिकारी श्री नन्दीश शुक्ल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 29 अगस्त को आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ रेलवे परिवार में खेल संस्कृति एवं खेल गतिविधियों के प्रति सहभागिता बढ़ाना रहा। इस दौरान “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के संदेश के साथ प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। समारोह में जस्टिस डॉ. अनिल वर्मा तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश एवं रेलवे का प्रतिनिधित्व करने वाले ओलम्पियन खिलाड़ी श्री रजिंदर सिंह, श्री अब्दुल अजीज, श्री सुबोध खांडेकर, श्री जमशेर खान, श्री हसरत कुरैशी एवं श्री वीरेंद्र ध्यानचंद को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नन्दीश शुक्ल, मुख्य कारखाना प्रबंधक सी.एम.एल.आर. ब्रजेश कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) नीरज भटनागर, मंडल कार्मिक अधिकारी श्री जी.पी. मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, स्टेशन डायरेक्टर संजीव जाटव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नीरज त्रिपाठी ने किया तथा उपाध्यक्ष शोभाराम राय ने आभार व्यक्त किया।







