Home उत्तर प्रदेश महुआ का पेड़ हाईटेंशन लाइन पर गिरा, दो बिजली के खंभे टूटे

महुआ का पेड़ हाईटेंशन लाइन पर गिरा, दो बिजली के खंभे टूटे

ट्रांसफार्मर खंभों के बीच फंसा, पेड़ के नीचे दबकर दो बाइक क्षतिग्रस्त

KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील क्षेत्र के ननमई गांव के सरोज मोहल्ले में शनिवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे बारिश के बाद काफी पुराना महुआ का पेड़ जड़ समेत उखड़कर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन पर जा गिरा। पेड़ के भारी वजन से बिजली के तारों में खिंचाव हुआ, जिससे दो बिजली के खंभे टूट गए। हालांकि खंभे जमीन पर नहीं गिरे और उनके बीच ट्रांसफार्मर फंस गया। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पेड़ गिरने से नीचे खड़ी दो बाइक भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। महेश सरोज पुत्र भूरा लाल सरोज की टीवीएस स्पोर्ट और गणेश सरोज की अपाचे बाइक पेड़ के नीचे दब गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ गिरने के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी। लोगों ने हाईटेंशन लाइन, टूटे खंभों और खंभों के बीच फंसे ट्रांसफार्मर को देखते हुए तत्काल विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त विद्युत ढांचा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।