FATEHPUR NEWS: नगर पालिका परिषद के सभागार में रक्षाबंधन के अवसर पर स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार मौर्य और विशिष्ट अतिथि अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार रहे। कार्यक्रम में चंद्रा बालिका इंटर कॉलेज, जयपुरिया स्कूल और कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं ने राखी प्रतियोगिता में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, सभासदों और पत्रकारों को बांधीं। राखी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। साथ ही समाज में भाईचारे और आपसी सौहार्द की भावना मजबूत होती है। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका के संजय सिंह और सभासद विनय तिवारी ने किया। इस अवसर पर शिक्षिका शुभांगी पांडेय, सभासद शादाब अहमद, अतीश पासवान, संतोष पटेल सहित नगर पालिका कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य लोग मौजूद रहे।







