Home उत्तर प्रदेश कोतवाली पुलिस की कार्रवाई: छात्र तेजस द्विवेदी की मौत के मामले में...

कोतवाली पुलिस की कार्रवाई: छात्र तेजस द्विवेदी की मौत के मामले में प्रधानाचार्य गिरफ्तार

FATEHPUR NEWS: थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में छात्र तेजस द्विवेदी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र की मां नीलम देवी की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को सुबह करीब 7:15 बजे तेजस द्विवेदी परीक्षा देने विद्यालय गया था। आरोप है कि परीक्षा के दौरान उसे नकल करते हुए पकड़ा गया और इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्र को रेस्टिकेट करने और 1500 रुपये जुर्माना लगाए जाने की जानकारी दी गई थी। तहरीर के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे परिजनों को सूचना मिली कि तेजस मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। अस्पताल पहुंचने पर छात्र ने अपनी मां को कथित रूप से बताया कि प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी ने प्रबंधक राकेश त्रिवेदी के निर्देश पर डंडों से उसकी पिटाई की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान छात्र की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने जांच शुरू की थी और बाद में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और नगर क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने 29 अगस्त को आरोपी सक्षम त्रिवेदी पुत्र अशोक कुमार, निवासी मोहल्ला खम्भापुर, थाना राधानगर, जनपद फतेहपुर, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत मिश्र, निरीक्षक सुरेशचंद्र, कांस्टेबल अनीश दीक्षित और कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।