FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के फेज-2 के तहत शनिवार को जिले के सभी थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराधों की रोकथाम, कानून से मिलने वाले अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के तरीकों की जानकारी दी। इसके अलावा ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों से संवाद किया गया और उनकी समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं विधिक निस्तारण के लिए जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए पोर्टल का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं से कहा कि किसी भी तरह की परेशानी, छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में बिना डर के तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।







