Home उत्तर प्रदेश पुलिसकर्मियों को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए बांटे गए 2000 मास्क,...

पुलिसकर्मियों को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए बांटे गए 2000 मास्क, चलाया जागरूकता अभियान

FATEHPUR NEWS: बदलते मौसम में स्वाइन फ्लू और अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर इंडियन रेडक्रास सोसाइटी की ओर से शनिवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिसकर्मियों को संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ ही उनके उपयोग के लिए 2000 मास्क उपलब्ध कराए गए। इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक को 2000 मास्क प्रदान किए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार लोगों के संपर्क में रहते हैं और ड्यूटी के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी तैनात रहते हैं। ऐसे में संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि बदलते मौसम और वातावरण में बढ़ी उमस के कारण जुकाम, खांसी, छींक और बुखार जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। यदि ऐसे लक्षण लगातार बने रहें तो उन्हें सामान्य न समझते हुए चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू एच1एन1 वायरस के संक्रमण से होता है और सावधानी बरतकर संक्रमण के खतरे को कम किया जा सकता है। जागरूकता अभियान के दौरान लोगों और पुलिसकर्मियों को बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करने, नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने और खांसी या छींक आने पर मुंह को रुमाल अथवा कपड़े से ढकने की सलाह दी गई। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने और अनावश्यक रूप से लोगों से हाथ मिलाने से परहेज करने की अपील की गई। रेडक्रास सोसाइटी की ओर से बताया गया कि स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सी सावधानी संक्रमण से बचाव में काफी मददगार साबित हो सकती है। अभियान का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के साथ आम लोगों को भी स्वाइन फ्लू के लक्षणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है।