Home उत्तर प्रदेश रोटरी अरिहंत ने पाँच बालिकाओं की केजी से पीजी तक शिक्षा का...

रोटरी अरिहंत ने पाँच बालिकाओं की केजी से पीजी तक शिक्षा का लिया संपूर्ण दायित्व

PRAYAGRAJ NEWS: रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत ने समाज सेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी और महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपनी महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट “केजी से पीजी” शिक्षा परियोजना के अंतर्गत प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कॉलेज, प्रयागराज की पाँच आर्थिक रूप से जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बालिकाओं की शिक्षा हेतु वर्ष भर का सम्पूर्ण खर्च प्रधानाचार्य कविता सिंह को चेक के माध्यम से सौपा। इस महत्वपूर्ण सेवा परियोजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा हेतु सहायता राशि का चेक रोटरी मंडल 3120 की मंडलाध्यक्ष रोटेरियन पूनम गुलाटी, परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन शशांक जैन, क्लब अध्यक्ष डॉ. कीर्ति अग्रवाल एवं क्लब सचिव रोटेरियन प्रीति जैन द्वारा प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य कविता सिंह को प्रदान किया गया। इस अवसर पर वातावरण अत्यंत भावुक, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण रहा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की इन बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का यह संकल्प रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत के सेवा भाव, सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। क्लब का स्पष्ट उद्देश्य है कि आर्थिक कठिनाइयाँ किसी भी प्रतिभाशाली बालिका के सपनों और शिक्षा के मार्ग में बाधा न बनें।
परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन शशांक जैन ने कहा कि “शिक्षा केवल किसी बच्चे को पढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि उसके पूरे भविष्य को बदलने की शक्ति है। हमारी कोशिश है कि इन बालिकाओं की शिक्षा किसी भी आर्थिक कठिनाई के कारण कभी न रुके और वे अपने सपनों को पूरा कर समाज का गौरव बनें।” इस पुनीत एवं दूरदर्शी सेवा कार्य में रोटरी अरिहंत के सदस्य रोटेरियन प्रीति जैन, अतुल अग्रवाल, दिनेश सिंह, के. एम. प्रजापति, मोहम्मद इमरान, तुषार गुप्ता, पल्लवी अग्रवाल, कन्हैया अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, शिखा अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, श्रेयांश जैन एवं विजय केसरवानी सहित अन्य सहयोगियों ने आर्थिक सहयोग प्रदान कर इस सेवा संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में क्लब के रोटेरियन अंकित अग्रवाल, अहयात अहमद, गीता अग्रवाल, पंकज अग्रवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत की यह पहल केवल पाँच बालिकाओं की शिक्षा का दायित्व नहीं, बल्कि उनके सपनों को पंख देने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का एक दीर्घकालिक संकल्प है। क्लब ने इस परियोजना के माध्यम से यह संदेश दिया कि शिक्षा ही समाज को सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर भविष्य का अवसर मिलना चाहिए। रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत का यह सेवा संकल्प निश्चय ही समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगा और “सेवा से सृजन तक” की भावना को साकार करेगा।