Home उत्तर प्रदेश बरुआसागर थाने का त्रैमासिक निरीक्षण, सीओ ने व्यवस्थाओं की सराहना, थानाध्यक्ष की...

बरुआसागर थाने का त्रैमासिक निरीक्षण, सीओ ने व्यवस्थाओं की सराहना, थानाध्यक्ष की कार्यशैली को बताया अनुकरणीय

JHANSI NEWS: टहरौली सर्किल के क्षेत्राधिकारी रक्षपाल सिंह ने  बरुआसागर थाने का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में मिली व्यवस्थाओं और साफ-सफाई को देखकर सीओ ने संतोष जताया और थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह के नेतृत्व में थाने की कार्यप्रणाली की सराहना की। सीओ रक्षपाल सिंह ने थाना कार्यालय, अभिलेखागार, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, बैरक और भोजनालय सहित पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर सहित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। सभी अभिलेख पूर्ण और व्यवस्थित मिलने पर उन्होंने थानाध्यक्ष की पीठ थापी। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह स्वयं पूरे समय मौजूद रहकर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी देते रहे। थाना परिसर की चाक-चौबंद साफ-सफाई, मालखाने में माल-मुकदमाती का सुव्यवस्थित रखरखाव और हवालात की स्वच्छता देखकर सीओ ने कहा कि थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह के कुशल नेतृत्व में बरुआसागर थाने ने एक मिसाल कायम की है।उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष द्वारा अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। निरीक्षण के बाद क्षेत्राधिकारी ने थाना क्षेत्र के सभी ग्राम चौकीदारों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में उन्होंने गांव-गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों के बारे में फीडबैक लिया। सीओ ने चौकीदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें, रात्रि गश्त में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थानाध्यक्ष या डायल-112 पर दें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम चौकीदार पुलिस की आँख और कान होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी सबसे बड़ी है। इस अवसर पर थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक विशेष पाल सिंह, उपनिरीक्षक राहुल सिंह, उपनिरीक्षक विकास त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल और समस्त थाना स्टाफ सहित बड़ी संख्या में ग्राम चौकीदार मौजूद रहे।