SIDHARTHNAGAR NEWS: डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पिपरा रामलाल (तप्पा सगरा, थाना पथरा बाजार) में प्रशासनिक बुलडोजर की कार्रवाई से खेल मैदान व ग्राम समाज की भूमि पर बने एक मदरसे और मस्जिद के हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद जहाँ एक ओर विवादित भूमि कब्जामुक्त हुई है, वहीं दूसरी ओर इसी संस्थान में दीनी व बुनियादी तालीम ले रहे लगभग 400 मासूम बच्चों की शिक्षा पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। प्रशासनिक प्रेस नोट के अनुसार, यह ध्वस्तीकरण न्यायालयीन आदेशों के अनुपालन में किया गया है। ग्राम सभा की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल की वर्ष 2022 की रिपोर्ट के आधार पर ‘सरकार बनाम अब्दुल सलाम पुत्र मोहम्मद इद्रीश’ वाद दायर किया गया था। तहसीलदार (न्यायिक) डुमरियागंज की अदालत ने 12 जून 2026 को गुण-दोष के आधार पर बेदखली का आदेश पारित किया था। इसके विरुद्ध दाखिल अपील को जिलाधिकारी न्यायालय ने 5 अगस्त 2026 को वाद संख्या 1057/2026 व 1058/2026 (अंतर्गत धारा 67(5) उप्र राजस्व संहिता) में खारिज करते हुए तहसीलदार के आदेश को बहाल रखा। इसी क्रम में गाटा संख्या 1028 (रकबा 0.0630 हेक्टेयर – खेल मैदान) और गाटा संख्या 1029 (रकबा 0.0140 हेक्टेयर – ग्राम समाज) की भूमि को पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम ने ग्राम प्रधान की मौजूदगी में खाली कराया।
उल्लेखनीय है कि इस तालीमगाह में क्षेत्र के करीब 400 बच्चे नियमित रूप से शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। ध्वस्तीकरण की सूचना पर रात में ही सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव, डुमरियागंज विधायक सय्यदा खातून तथा कमाल अहमद खान सहित स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर ध्वस्तीकरण को अंजाम दिया। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह विधिक आदेशों के तहत की गई है और वर्तमान में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।







