अधिकारियों एवं जवानों ने सुना मुख्यमंत्री का संबोधन, कैशलेस योजना और ड्यूटी भत्ता बढ़ाने पर जताया आभार
FATEHPUR NEWS: गोरखपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के सम्मेलन का सजीव प्रसारण मंगलवार को विकास भवन सभागार, फतेहपुर में दिखाया एवं सुनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय पाण्डेय ने की। इस अवसर पर जनपद के पीआरडी अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी विनय पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन को प्रांतीय रक्षक दल के जवानों से अनेक अपेक्षाएं हैं। पीआरडी जवान पुलिस विभाग के कर्मचारियों की तरह पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जब कोई सुरक्षाकर्मी वर्दी धारण करता है तो उसके भीतर जिम्मेदारी और मनोबल की भावना और मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि जनपद में पीआरडी जवान थानों, पुलिस चौकियों, कांवड़ यात्रा, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, गंगा यात्रा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, न्यायालय, कलेक्ट्रेट, यातायात व्यवस्था, बैंकों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सेवाएं दे रहे हैं। सरकारी दायित्वों के प्रभावी निर्वहन में कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी और कार्य के प्रति रुचि महत्वपूर्ण है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्दी के साथ पीआरडी जवानों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी जाती हैं, जिसके लिए अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा आवश्यक है। उन्होंने जवानों से स्वयं की प्रेरणा और जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सजीव प्रसारण के दौरान उपस्थित पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। जवानों के कल्याण के लिए शासन द्वारा शुरू की गई कैशलेस योजना तथा ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के लिए उन्होंने शासन एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला कमांडेंट, जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पीआरडी जवान उपस्थित रहे।







