Home उत्तर प्रदेश DPS Prayagraj में देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

DPS Prayagraj में देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

3
0
डीपीएस प्रयागराज में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

ध्वजारोहण के साथ विद्यार्थियों ने वीर शहीदों को किया नमन, ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ की शानदार प्रस्तुति

प्रातःकाल एक्सप्रेस

प्रयागराज, 15 अगस्त । दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), प्रयागराज में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, गर्व और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

समारोह का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सुजाता सिंह तथा अकादमिक प्रमुख श्री प्रवीण ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। तिरंगा फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान की गूंज के बीच उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक ऋषि श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आधुनिक, सशक्त और प्रगतिशील भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।

छात्र ने प्रस्तुत किया ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कक्षा 11-‘डी’ के छात्र राजन रॉय ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के ऐतिहासिक भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ (नियति से साक्षात्कार) की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्षों को स्मरण किया और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले महान सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का समापन विद्यालय के संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत मधुर देशभक्ति गीत, धन्यवाद ज्ञापन और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच मिठाई वितरण के साथ हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।