कुशीनगर नगरपालिका में तीन सीसी सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी, 99.87 लाख रुपये स्वीकृत
क्षेत्र के विकास और जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता — पी.एन पाठक, विधायक कुशीनगर
KUSHINAGAR NEWS: नगर पालिका परिषद कुशीनगर क्षेत्र में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। कुशीनगर विधायक पी.एन. पाठक के प्रस्ताव पर नगर पालिका परिषद कुशीनगर में तीन महत्वपूर्ण सीसी रोड के निर्माण के लिए 99.87 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद इन सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। कुशीनगर विधायक पी.एन. पाठक ने नगर पालिका क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए नगर विकास मंत्री को पत्र भेजकर इन सड़कों के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का मांग की थी। शासन की ओर से जारी स्वीकृति में नगर पालिका परिषद कुशीनगर के लिए तीन सीसी सड़क निर्माण कार्य शामिल किए गए हैं। वार्ड संख्या 23, माधवपुरम नगर में दो और वार्ड संख्या 25, गायत्रीपुरम में एक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वार्ड 23 में सिब्बन के घर से सुरेंद्र शुक्ला के घर तक सीसी सड़क बनाई जाएगी। इसी वार्ड के दिधवा में राजेश कुशवाहा के घर से मेन रोड तक सीसी सड़क का निर्माण होगा। वहीं वार्ड 25 में रामकोला रोड से श्रीनिवास वर्मा के खेत तक सीसी सड़क बनाई जाएगी। विधायक पी.एन. पाठक के प्रस्ताव पर शासन से मिली इस स्वीकृति को क्षेत्र में सड़क विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विधायक पी.एन पाठक ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। तीनों सड़कों के निर्माण के लिए शासन से धनराशि स्वीकृत होने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी। जनहित से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ कार्य कराया जाएगा।







