Home उत्तर प्रदेश पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, कुकर के ढक्कन और...

पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, कुकर के ढक्कन और पानी से भरे टब से हत्या का खुलासा

पुलिस ने आला कत्ल समेत अन्य सामान किया बरामद
FATEHPUR NEWS: कोतवाली नगर पुलिस ने शालिनी यादव हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसके पति दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कुकर के ढक्कन से पत्नी के सिर पर वार करने के बाद उसे पानी से भरे प्लास्टिक के टब में डुबोकर उसकी हत्या कर दी और घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, शालिनी यादव की शादी वर्ष 2017 में दिलीप कुमार से हुई थी। दोनों का एक आठ वर्षीय पुत्र है। पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के चलते दिलीप ने शालिनी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। 8 अगस्त की सुबह करीब 5:15 बजे शालिनी को आंगन में बर्तन धोते देख दिलीप ने कथित तौर पर कुकर के ढक्कन से उसके सिर पर पीछे से तीन बार वार किया। इससे वह बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसे पानी से भरे प्लास्टिक के टब में डालकर गर्दन पकड़े हुए पानी में डुबोए रखा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी ने टब का वाल्व खोलकर पानी बहा दिया, जिससे खून के छींटे और धब्बे भी पानी के साथ बह गए। इसके बाद वह घटना को छिपाने के लिए मोटरसाइकिल से मॉर्निंग वॉक पर निकल गया। वापस लौटने के बाद उसने अपने भाइयों को बुलाया और शालिनी के गिरने से घायल होने की बात बताकर उसे अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में शालिनी के पिता धर्म सिंह की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 368/2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने बुधवार को आरोपी दिलीप कुमार पुत्र महादेव प्रसाद, निवासी अंदूपुर, थाना असोथर, हाल निवासी मोहल्ला नासिरपीर, कोतवाली नगर, फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एल्युमिनियम का कुकर ढक्कन, टूटे हुए कांच के गिलास के छह टुकड़े, प्लास्टिक का बाथटब, मोबाइल फोन, 70 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यदेव गौतम, उपनिरीक्षक अनमोल सिंह, हेड कांस्टेबल रामआशीष यादव, हेड कांस्टेबल अमन यादव, महिला कांस्टेबल ललिता चौहान और कांस्टेबल गिरेन्द्र सिंह शामिल रहे।