JHANSI NEWS: घर-घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष माननीय सुधीर सिंह के नेतृत्व में शहीदों एवं महापुरुषों के स्मारकों पर विशेष स्वच्छता एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत सीपरी बाजार मंडल क्षेत्र में विभिन्न महापुरुषों एवं वीर शहीदों की प्रतिमाओं और स्मारक परिसरों की साफ-सफाई कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के क्रम में सुभाष मार्केट स्थित आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कारगिल सहित पार्क में अमर शहीदों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। वहीं आजादी की प्रथम दीपशिखा महारानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना झलकारी बाई तथा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्य नहीं, बल्कि हमारे महापुरुषों और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तथा राष्ट्र के प्रति हमारा कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मंडल संयोजक/महामंत्री विशाल ठाकुर, सभासद लखन कुशवाह, वरिष्ठ नेता अमर सिद्ध सहित अन्य सम्मानितजन उपस्थित रहे।







