करीब 50 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी राहत, एक दशक से जर्जर मार्ग की समस्या होगी दूर
FATEHPUR NEWS: लंबे समय से जर्जर पड़े किशनपुर-भसरौल मार्ग के निर्माण की कवायद सोमवार से शुरू हो गई। किशनपुर रोड से रायपुर भसरौल को जोड़ने वाले करीब सात किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। सड़क के निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। करीब एक दशक से सड़क की हालत बेहद खराब थी। मोरंग लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते मार्ग जगह-जगह से उखड़ गया था और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। बारिश के दिनों में जलभराव के साथ मार्ग पर दलदल जैसी स्थिति बन जाती थी, जबकि गर्मी के मौसम में वाहनों के गुजरने से धूल के गुबार उड़ते थे। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लोक निर्माण विभाग ने पिछले महीने सड़क निर्माण के लिए करीब 22 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। बीते दिनों राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया था। इसके बाद सोमवार को कार्यदायी संस्था ने किशनपुर की ओर से तीन मशीनें लगाकर पुरानी सड़क को तोड़ने और निर्माण की प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ग्रामीणों में लंबे समय से चली आ रही समस्या के दूर होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर मार्ग के कारण किशनपुर कस्बे तक पहुंचने में काफी परेशानी होती थी। सड़क बनने के बाद करीब 50 गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता पवन मिश्रा ने बताया कि कार्यदायी संस्था ने सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बारिश के बाद निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा।







