Home उत्तर प्रदेश मार्ग चौड़ीकरण की मांग को लेकर जनता को अपनाना पड़ा जनआंदोलन का...

मार्ग चौड़ीकरण की मांग को लेकर जनता को अपनाना पड़ा जनआंदोलन का रास्ता

बंदीपुर चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू, जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर उठे सवाल

FATEHPUR NEWS: हथगाम-संवत मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने अब जनआंदोलन का रास्ता अख्तियार कर लिया है। मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर सोमवार को बंदीपुर चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से मांग उठाए जाने के बावजूद समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका, जिसके चलते उन्हें धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा। आंदोलन की खास बात यह रही कि स्थानीय पत्रकार एवं शायर शिवरण बन्धु हथगामी भी नागरिकों की मांग के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे। उनके धरने में शामिल होने के बाद यह मुद्दा क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हथगाम-संवत मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। मार्ग के चौड़ीकरण से आवागमन सुगम होने के साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को भी राहत मिलेगी। नागरिक लंबे समय से मार्ग के चौड़ीकरण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन कार्रवाई न होने के कारण अब आंदोलन का सहारा लेना पड़ा है। जनआंदोलन के बीच जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि लगातार जनता की समस्याओं को संबंधित विभाग और शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं और उनके समाधान के लिए पहल करें तो लोगों को अपनी मांगों के लिए सड़क पर उतरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। फिलहाल बंदीपुर चौराहे पर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना मार्ग चौड़ीकरण की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों की नाराजगी को सामने ला रहा है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस मांग पर क्या कदम उठाते हैं और आंदोलन का समाधान किस स्तर पर निकलता है।