PRATAPGARH NEWS: प्राथमिक विद्यालय बिहार में सोमवार को विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास एवं गणित विषय के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से पहाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता प्रधानाध्यापक बालेन्द्र शुक्ला की अगुआई में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से अलग-अलग पहाड़े पूछे गए। बच्चों ने बिना किसी झिझक के पहाड़े सुनाकर अपनी गणितीय दक्षता का परिचय दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, स्मरण शक्ति और गणित विषय के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कक्षा पांच की वैष्णवी सोनी, कक्षा दो की आस्था, कक्षा तीन के प्रियांशु यादव तथा कक्षा चार के अंश सरोज को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक बालेन्द्र शुक्ला ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है। साथ ही उनमें मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का आत्मविश्वास भी विकसित होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर ऐसी शैक्षिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। कार्यक्रम के दौरान अध्यापक महेंद्र कुमार, श्रीमती दीक्षा पाल, श्रीमती रेखा तथा श्रीमती सुषमा मौजूद रहीं। शिक्षकों ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
Home उत्तर प्रदेश प्राथमिक विद्यालय बिहार में पहाड़ा प्रतियोगिता आयोजित, मेधावी छात्रों को किया गया...







