PRATAPGARH NEWS: कांवरियों से भरी पिकप अनियंत्रित होने से पलट गयी। जिससे उस पर सवार दर्जन भर कांवरिया घायल हो गये। ट्रामा सेंटर से गंभीर रूप से घायल तीन कांवरियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जनपद के मानिकपुर अन्तर्गत साहूमई गांव से करीब बाइस कांवरिया पिकप डाला से सोमवार को सुबह बाबा घुइसरनाथ धाम जलाभिषेक करने आये थे। जलाभिषेक के बाद धाम से वापस घर लौटते समय रास्ते में लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अमावां के समीप पीछे से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर पिकप पलट गयी। इससे उस पर सवार साहूमई मानिकपुर निवासी छब्बीस वर्षीय पवन कुमार पुत्र हरिचन्द्र, व अनिल पुत्र रामलाल, सोलह वर्षीय शिवम निर्मल पुत्र राम बहादुर, बीस वर्षीय हिमांशु कुमार पुत्र ओमप्रकाश तथा सनय पुत्र राम बहादुर और सचिन पुत्र राकेश, सत्रह वर्षीय प्रिंस पुत्र राकेश यादव, अठारह वर्षीय शुभम पुत्र छोटे लाल यादव व नितेश निर्मल पुत्र रामनरेश निर्मल तथा सनी पुत्र महेश निर्मल, पन्हद्र वर्षीय अजय कुमार यादव पुत्र लवलेश यादव तथा रहमईपुर निवासी तेरह वर्षीय गुलशन सरोज घायल हो गये। आसपास के लोगों की सहायता से पुलिस ने घायलो को इलाज के लिए लालगंज ट्रामा सेंटर भेजवाया। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल कांवरिया हिमांशु, शिवम, सनय को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।







