नशे से दूर रहकर शिक्षा, परिवार और देश के विकास पर ध्यान केंद्रित करने का युवाओं से आह्वान
JHANSI NEWS: देश की नई पीढ़ी जेन-जी और जेन-अल्फा के उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को लेकर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने, संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रहण करने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। निजी लाइब्रेरी में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश की युवा पीढ़ी के भविष्य को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। आज नई पीढ़ी मेहनत और लगन के साथ शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और प्रयासों के बल पर भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन एक लंबा सफर है और निरंतर प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है। जरूरी है कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और जीवन में कभी हार न मानें। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, परिवार और राष्ट्र निर्माण को प्राथमिकता देने तथा अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने का आह्वान किया। सुधीर सिंह ने युवाओं को नशे के बढ़ते खतरे के प्रति सचेत करते हुए कहा कि असामाजिक तत्व रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऐसे किसी भी प्रलोभन से सावधान रहना चाहिए। नशा युवा शक्ति, परिवार और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित आपातकालीन सेवाओं और महिला हेल्पलाइन के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। अपने संबोधन के समापन पर सुधीर सिंह ने प्रेरणादायी पंक्तियां सुनाईं, जिन पर विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्रीमती अंजू गुप्ता एवं मुख्य वक्ता हर्ष जैन ने भी युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर रवि नौगरैया, दीपमाला नौगरैया, सिविल लाइंस मंडल अध्यक्ष भाजपा अनुज नीखरा सहित विभिन्न स्कूल एवं कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में भाजपा मीडिया प्रभारी प्रियांशु डे, मीडिया सह प्रभारी मोहित पोरवाल एवं शैलेंद्र परमार की भूमिका रही।







