PRAYAGRAJ NEWS: बढ़वारी कला के मिश्रपुर गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से सैकड़ों बीघे धान की फसल जलमग्न हो गई है। किसानों का आरोप है कि पिछले चार वर्षों से हर बरसात में यही स्थिति बन रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। किसानों ने बताया कि तीन दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद खेत पानी में डूब गए हैं और धान की फसल बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है। जयशंकर विश्वकर्मा, बृजेश विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा, श्रीकांत मिश्रा समेत अन्य किसानों ने बताया कि वे कई बार तहसील प्रशासन व ग्राम प्रधान से जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग कर चुके हैं। किसानों का कहना है कि यदि नेशनल हाईवे-135सी के किनारे राम कुबेर पब्लिक स्कूल तक तथा वहां से निकलने वाले लिंक मार्ग पर तीन-चार स्थानों पर साइफन पाइप डाल दिए जाएं तो जल निकासी की समस्या दूर हो सकती है। प्रभारी खंड विकास अधिकारी गुलाबचंद ने बताया कि बारिश के बाद हाईवे के किनारे नाले का निर्माण कराकर लिंक मार्ग में साइफन पाइप डलवाए जाएंगे। तहसीलदार रोशनी सोलंकी ने भी बरसात के बाद नाले का निर्माण कर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की बात कही है।







