FATEHPUR NEWS: आदर्श व्यापार मंडल गर्ग गुट (संपूर्ण भारत) ने जिले के व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए साप्ताहिक जनसुनवाई अभियान शुरू किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग के निर्देश पर अब अलग-अलग स्थानों पर व्यापारियों की समस्याएं सुनी जाएंगी और संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि फतेहपुर शहर में प्रत्येक सोमवार और बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कलेक्टरगंज स्थित गर्ग आवास में जनसुनवाई होगी। यहां जिला अध्यक्ष अभिनव यादव, जिला महामंत्री अमित शरण बॉबी, महिला अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अभय गुप्ता और युवा जिला अध्यक्ष मोहम्मद इमरान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इसी तरह बिंदकी और खागा तहसील में भी निर्धारित दिनों पर जनसुनवाई आयोजित कर व्यापारियों की समस्याएं सुनी जाएंगी। संगठन ने बताया कि जीएसटी, खाद्य विभाग, पुलिस, प्रशासन, नगर पालिका, आरटीओ, मंडी समिति, जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा। संगठन का कहना है कि इस पहल से व्यापारियों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक मजबूत मंच मिलेगा और समस्याओं के समयबद्ध समाधान में मदद मिलेगी।







