पात्र इच्छुक व्यक्ति/संस्थाएं 31 अगस्त तक करें आवेदन
FATEHPUR NEWS: दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने विश्व दिव्यांग दिवस (3 दिसंबर) के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य स्तरीय पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा ने बताया कि विभाग की ओर से विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं, नियोक्ताओं, खिलाड़ियों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी एवं संस्थाएं 31 अगस्त 2026 तक अपने आवेदन जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य दिव्यांगजनों के उत्थान, पुनर्वास, रोजगार, शिक्षा, खेल, नवाचार तथा समाज में उनके सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि पुरस्कारों के लिए कुल 12 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी एवं स्वरोजगार से जुड़े दिव्यांगजन, दिव्यांगजनों को रोजगार देने वाले सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता एवं प्लेसमेंट एजेंसी, दिव्यांगजनों के लिए कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति एवं संस्था, प्रेरणास्त्रोत सम्मान, दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने वाले नवीन अनुसंधान एवं उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण के सृजन में उत्कृष्ट कार्य, पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जिले, सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस, सृजनशील दिव्यांग वयस्क एवं बालक-बालिका, दिव्यांगजन के लिए अनुकूल वेबसाइट, उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी तथा आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। निर्धारित प्रारूप में पूर्ण आवेदन पत्र 31 अगस्त 2026 तक जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-24, विकास भवन, फतेहपुर में जमा किए जा सकते हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने पात्र व्यक्तियों, संस्थाओं, नियोक्ताओं एवं अन्य संबंधित अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि यह सम्मान दिव्यांगजन सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के लिए अपनी उपलब्धियों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है।







