Home उत्तर प्रदेश आईआईआरएफ रैंकिंग में बीयू के फार्मेसी संस्थान ने देश में प्राप्त किया...

आईआईआरएफ रैंकिंग में बीयू के फार्मेसी संस्थान ने देश में प्राप्त किया 23वाँ स्थान

JHANSI NEWS: बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी ने इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क  द्वारा जारी नवीनतम रैंकिंग में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 23वाँ, जोन स्तर पर 12वाँ तथा उत्तर प्रदेश में 4था स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में संस्थान के शिक्षकों को कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने संस्थान के शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट शोध गतिविधियों एवं अकादमिक योगदान के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुसंधान तथा नवाचार के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी संकाय सदस्यों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री ज्ञानेन्द्र कुमार ने कहा कि इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी बुन्देलखण्ड क्षेत्र में शोध एवं उच्च शिक्षा का अग्रणी संस्थान है, जिसने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्यों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित की है। विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी  निदेशक प्रो. सुनील कबिया ने बताया कि माननीय कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग तथा प्रत्यायन में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं, जिससे विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है। संस्थानाध्यक्ष डॉ. पीयूष भारद्वाज ने बताया कि इस वर्ष आईआईआरएफ रैंकिंग के 9 विभिन्न मूल्यांकन मानकों (डोमेन्स) में संस्थान ने भाग लिया तथा सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय संस्थान के सभी शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। इस अवसर पर प्रो. सुनील प्रजापति एवं विभाग के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।