SIDHARTHNAGAR NEWS: थाना बांसी पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मिश्रित व नकली अंग्रेजी शराब बनाने तथा बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बांसी क्षेत्र में चेकिंग और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई के दौरान पकड़े गए मुख्य अभियुक्त बलराम जायसवाल की निशानदेही पर सुभाष नगर, कोइलहवा स्थित एक किराये के मकान की तलाशी ली गई। मौके से विभिन्न नामी ब्रांडों के 32 हजार से अधिक नकली ढक्कन, 12 हजार से ज्यादा बारकोड सील रैपर, मिश्रित शराब तैयार करने के उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स वेट मशीन, चाकू, सुजा, एक मोटरसाइकिल और 16 बोतल मिश्रित अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में बलराम जायसवाल और दुकान का सेल्समैन प्रदीप कुमार शामिल हैं। आबकारी विभाग ने संलिप्त दुकान को सील करते हुए उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि इस प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त पुलिस टीम को 20,000 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पूछताछ में अभियुक्त बलराम जायसवाल ने खुलासा किया कि वह किराये के मकान में नकली ढक्कनों और सील रैपरों का भंडारण करता था, जिन्हें वह ट्रांसपोर्ट के माध्यम से मंगवाता था। इन सामग्रियों को सिद्धार्थनगर सहित आसपास के जिलों और नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों की शराब दुकानों के कर्मचारियों को बेचा जाता था, जहाँ खाली बोतलों में मिलावटी शराब भरकर उन पर नकली ढक्कन व बारकोड लगाकर असली के नाम पर बेचा जाता था। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में बांसी प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक, एसओजी प्रभारी चंद्रकांत पांडेय, सर्विलांस सेल प्रभारी हरेंद्र चौहान तथा आबकारी निरीक्षक दिनेश कुमार पासवान, मोनी शुक्ला और रितिक वर्मा सहित पुलिस व आबकारी टीम की मुख्य भूमिका रही।







