Home उत्तर प्रदेश होटल रॉयल रेजीडेंसी के रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा का जज़्बा, 45...

होटल रॉयल रेजीडेंसी के रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा का जज़्बा, 45 यूनिट रक्त संग्रह

SAHARANPUR NEWS: जनपद के प्रतिष्ठित होटल रॉयल रेजीडेंसी एवं फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में समाजसेवा की मिसाल देखने को मिली। शिविर में 45 यूनिट रक्तदान हुआ, जबकि स्वास्थ्य संबंधी मानकों के कारण 10 से अधिक इच्छुक लोग रक्तदान नहीं कर सके। उन्हें भविष्य में रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इससे अनेक लोगों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। शिविर का संयोजन मेडिकल सपोर्ट विंग के अध्यक्ष विनीत रामपाल तथा सह-संयोजन संगठन विंग के सचिव राजीव सैनी ने किया। होटल रॉयल रेजीडेंसी के प्रोपराइटर मौ. अनवार अहमद ने कहा कि उनका संस्थान केवल आतिथ्य सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्व निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि होटल हर वर्ष रक्तदान जागरूकता अभियान के तहत ऐसे शिविर आयोजित करता है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। वहीं, होटल के मैनेजिंग डायरेक्टर मौ. शारिक अंसारी ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा सभी चिकित्सीय प्रक्रियाएँ निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गईं। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक आयोजनों को लगातार जारी रखने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर जितेन सैनी, काजी शौकत, मंसूर बदर, अभिषेक सैनी, नीरू सिंह, नंदनी बाटला, प्रीति भाटिया सहित अनेक गणमान्य लोग एवं रक्तदाता उपस्थित रहे।