PRATAPGARH NEWS: बोल बम कांवरिया संघ बाघराय के तत्वावधान में सैकड़ों कांवरियों का एक विशाल जत्था बाबा धाम (देवघर) दर्शन और जलाभिषेक के लिए गाजे-बाजे के साथ रवाना हुआ।
समाजसेवियों ने किया सम्मानित
प्रस्थान से पूर्व आयोजित विदाई समारोह में समाजसेवी विक्कू सिंह और संजय मिश्रा ने सभी कांवरियों को तिलक लगाकर, गले में माला पहनाकर, पहचान पत्र (आईडी कार्ड) प्रदान कर तथा नकद धनराशि देकर सम्मानपूर्वक विदा किया। समाजसेवियों ने कांवरियों की सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की।
भक्ति और उत्साह का माहौल
यात्रा के दौरान कांवरियों में भारी उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर बज रहे शिव भजनों पर कांवरिये झूमते और थिरकते नजर आए। पूरे क्षेत्र में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारे गूंजते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
कार्यक्रम और रवानगी के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाघराय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थानाध्यक्ष श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने यातायात और भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था संभाली, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान धर्मू सरोज, निराला त्रिपाठी, प्रमोद त्रिपाठी विधायक, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, रत्नेश शुक्ला, गिरजाशंकर शुक्ला, समेत तमाम लोग मौजूद रहे।







