Home उत्तर प्रदेश मेरा हेलमेट – मेरी सुरक्षा अभियान के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम...

मेरा हेलमेट – मेरी सुरक्षा अभियान के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

FATEHPUR NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कटोंघन टोल प्लाजा पर “मेरा हेलमेट-मेरी सुरक्षा” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना तथा यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का आयोजन प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज एवं अतुल यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान टोल प्लाजा से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों और राहगीरों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देकर सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया गया। रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से वाहनों के पीछे 3M रेडियम रिफ्लेक्टर स्टिकर भी लगाए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन रिफ्लेक्टर स्टिकरों से रात के समय पीछे से आने वाले वाहन चालकों को वाहन दूर से ही दिखाई देगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक एवं हेलमेट मैन फिरोज़ खान ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूकता का महत्व किसी दुर्घटना के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले समझना चाहिए। यदि बचपन से ही सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की आदत विकसित कर ली जाए तो अनेक अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं। उन्होंने सभी से हमेशा हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। रूट पेट्रोलिंग टीम प्रभारी कृष्ण मुरारी ने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट केवल एक नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच है। उन्होंने कहा कि सबसे कठिन क्षण तब होता है, जब किसी मां को उसके खोए हुए बेटे के बारे में बताना पड़ता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार की खुशियों और अपने जीवन की सुरक्षा के लिए घर से निकलने से पहले हेलमेट अवश्य पहनना चाहिए। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से राष्ट्रहित और स्वयं की सुरक्षा के लिए सड़क सुरक्षा की शपथ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि मेरा हेलमेट, मेरी सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सुरक्षित जीवन का संकल्प है। यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम में पैरामेडिक अनीस सिंह, राकेश विश्वकर्मा, सुरक्षा अधिकारी अमन सिंह, कल्याण सिंह, पवन कुमार, राजू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं वाहन चालकों ने सहभागिता की और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।