Home उत्तर प्रदेश भारतीय किसान यूनियन ने नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान यूनियन ने नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
FATEHPUR NEWS: प्रेमनगर कस्बे में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद किसानों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में संगठन ने एक बार फिर ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। ज्ञापन में मंडवा फीडर की बिजली आपूर्ति में सुधार, मड़वा ग्राम सभा में शमशान घाट तक रास्ते का निर्माण, इजुरा बुजुर्ग से इजुरा खुर्द तक सड़क निर्माण, सहकारी समिति में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, गंगा निचली नहर में पानी छोड़े जाने, कुड़ाघर अल्लीपुर साधन समिति भवन से संबंधित समस्या तथा टांडा से कौशांबी तक सड़क निर्माण की मांग उठाई गई। इसके अलावा पशुओं में फैल रहे खुरपका एवं मुंहपका रोग के टीकाकरण और अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा। उन्होंने जनपद के किसानों से एकजुट होकर संगठन के कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि किसान हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। बैठक में खागा तहसील संरक्षक रनमन यादव, ओम प्रकाश यादव, दीपक मौर्या, पंकज साहू, उग्रसेन सिंह, मुन्ना सिंह, बालराज सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।