कांवड़ियों की सेवा में वितरित किया गंगाजल, शरबत व पेयजल
FATEHPUR NEWS: पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार पर नौबस्ता गंगा घाट से कुंडेश्वर धाम जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों और शिवभक्तों की सेवा के लिए समाजसेवी ऋषि गुप्ता जनसेवक ने सेवा शिविर का आयोजन किया। शिविर में श्रद्धालुओं को गंगाजल, शुद्ध पेयजल, शरबत तथा फलाहारी सामग्री वितरित की गई। ऋषि गुप्ता जनसेवक ने बताया कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। यात्रा के दौरान यदि किसी श्रद्धालु का गंगाजल किसी कारणवश खंडित हो जाए तो उसे दोबारा गंगाजल उपलब्ध कराया जा सके, इसी उद्देश्य से शिविर में गंगाजल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा भीषण गर्मी और लंबी पदयात्रा को देखते हुए कांवड़ियों के लिए ठंडे पेयजल, शरबत और फलाहार की भी व्यवस्था की गई। सेवा शिविर में दिनभर बड़ी संख्या में कांवड़ियों और शिवभक्तों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया तथा पेयजल और शरबत का सेवन कर अपनी यात्रा आगे बढ़ाई। श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे सावन माह में पुण्य का कार्य बताया। सावन के पहले सोमवार पर आयोजित यह सेवा शिविर शिवभक्तों के लिए राहत का केंद्र बना रहा। पूरे आयोजन के दौरान सेवा और श्रद्धा का भाव देखने को मिला तथा शिवभक्तों ने “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ अपनी यात्रा जारी रखी।







