Home आस्था सामाजिक समरसता का संदेश लेकर निकली पावन माटी कलश यात्रा

सामाजिक समरसता का संदेश लेकर निकली पावन माटी कलश यात्रा

संत रविदास के 650 वें जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश यात्रा का हुआ शुभारंभ
PRAYAGRAJ NEWS: संत रविदास के 650 वें जयंती वर्ष पर चलाए भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पावन माटी कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। संत रविदास की जन्म स्थली सीर गोवर्धनपुर से एकत्र पावन माटी को एक कलश में भरकर रथ के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश लेकर शुक्रवार को सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय से भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता व अभियान के जिला संयोजक जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर द्वारा रवाना किया गया। प्रयागराज महानगर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों (शहर उत्तरी, दक्षिणी एवं शहर पश्चिमी) में कलश यात्रा का समापन 10 अगस्त को होगा। प्रत्येक विधानसभा में यह यात्रा तीन दिन तक चलेगी। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय से रवाना होने के बाद कलश यात्रा दक्षिणी विधानसभा के निषादराज पार्क करेलाबाग पहुंची जहां से दक्षिणी विधानसभा की यात्रा शुरू हुई। यहां कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, अभियान के जिला संयोजक जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर यात्रा का शुभारंभ करते हुए पावन माटी के कलश को अपने सर पर रखकर यात्रा के साथ चले। कलश यात्रा आंबेडकर बस्ती लाल कॉलोनी चौक, सब्जी मंडी चौराहा, खत्री पाठशाला चौराहा से होते हुए रोटरी पार्क पहुंची जहां प्रथम दिवस यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान डीजे व गाजे बाजे की धुन पर लोग भक्ति गीतों पर झूमते नजर आये। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान’ समाज में समता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और समरसता का संदेश घर-घर पहुँचाने का एक राष्ट्रव्यापी अभियान है। यह केवल एक राजनीतिक या सामाजिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज को भीतर से मजबूत करने, ऊंच-नीच के भेदों को मिटाने और एक समतामूलक समाज की स्थापना का महान संकल्प है। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि संत रविदास ने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी जहाँ किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो। उन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी में कहा था “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिलै सबन कूं अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसै, रविदास रहै प्रसन्न” संत रविदास का यह ‘बेगमपुरा’ का सपना हम सबको सिखाता है कि समाज का हर व्यक्ति—चाहे वह किसी भी वर्ग या जाति का हो—सम्मान, करुणा और बराबरी का हकदार है। आज यह अभियान हमें उनके इन्ही विचारों को जन-जन तक पहुँचाने की प्रेरणा देता है। समरसता संकल्प अभियान के जिला संयोजक जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से शुरू होकर आगामी 20 फरवरी 2027 तक विभिन्न चरणों में चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत संत रविदास के मंदिर में ‘समरसता दीपोत्सव’ के जरिए दीप जलाकर की गई है। काशी की पावन धरा (संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर) से उठाई गई पवित्र माटी और कलश यात्रा महानगर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगी। इस अभियान के तहत संत संपर्क, छात्रवास संपर्क और समाज के हर वर्ग को जोड़ने के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के सह संयोजक जिला मंत्री सचिन जायसवाल, कंचनलता कुशवाहा, पूजा गौड़, पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, शशि वार्ष्णेय, रमेश पासी, डॉ शैलेश पांडेय, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, प्रमोद मोदी, अनुज कुशवाहा, आनंद श्रीवास्तव, अनिल केसरवानी, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, राजेश गोंड, संजय सिंह, श्याम प्रकाश पांडेय, वंदना शर्मा, पार्षद प्रवीण भारती, निर्दोष सिंह गोलू, सुजीत कुशवाहा, विश्वास श्रीवास्तव, मोहित गुप्ता,  सुमित वैश्य, गया प्रसाद, कबीर जायसवाल, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा,  आदि बड़ी संख्या लोग उपस्थित रहे।