डीएम ने दिए जांच के आदेश
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड एवं उनके गैंग के द्वारा महिलाओं को 60,000 का लोन देने के नाम पर लगभग 40 महिलाओं से 5,000 लेकर ठगी करने के प्रकरण को लेकर सैकड़ों महिलाओं ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को फ्रॉड करने वाली कंपनी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने एवं गरीब महिलाओं का पैसा वापस दिलाने की मांग की। जिस पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने महिलाओं के प्रार्थना पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एडिशनल एसपी सिटी नितेश सिंह को फाइनेंस कंपनी की जांच कर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इस पर एडिशनल एसपी सिटी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर को जांच कर विधिक कार्रवाई करने का आदेश जारी किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने कहा कि आज मिर्जापुर जनपद में माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस कंपनियों की आड़ में महिलाओं से धन उगाही और उनको लूटने का कार्य किया जा रहा है। समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड ने लगभग सैकड़ों महिलाओं से 5,000 नगद एवं ऑनलाइन लेकर लगभग 7 लाख रुपये की ठगी की। कंपनी द्वारा फर्जीवाड़ा करके अपना कार्यालय बंद कर कंपनी गायब हो गई। इस तरीके से मिर्जापुर जनपद में एक रैकेट सक्रिय है। पुलिस प्रशासन को तत्काल इस रैकेट का पता लगाकर गरीब महिलाओं से ठगी करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। आम आदमी पार्टी मिर्जापुर गरीब महिलाओं के साथ खड़ी है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव, काशी प्रांत रमाशंकर साहू ने कहा कि मिर्जापुर में गरीब महिलाओं को लोन के नाम पर ठगी करने वाली क्रेडिट कंपनियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस प्रशासन को शीघ्र जांच करके गरीब महिलाओं का पैसा वापस दिलाने का कार्य करना चाहिए और इस तरीके से कार्य करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से सरोज गोस्वामी, मीरा देवी, दिव्या गिरी, सीमा देवी, निर्मला, शकीला, निशा गिरी, तारामती, प्रमिला, अमीना, विद्या, उर्मिला, ममता, मदीना, संगीता, पूजा, निशा, संतोष, सीताराम, राधेश्याम इत्यादि सैकड़ों महिलाएं सम्मिलित रहीं।







