साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी ने किया शिरकत
RAEBARELI NEWS: मुहर्रम के अवसर पर रायबरेली जनपद के ऊंचाहार स्थित मुस्तफ़ाबाद छोटी करबला, मास्टरगंज में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 18 बनी हाशिम का ऐतिहासिक ताबूत जुलूस अकीदत और गमगीन माहौल में निकाला गया। करबला के शहीदों की याद में आयोजित इस कार्यक्रम में दूर-दराज़ से बड़ी संख्या में अज़ादार शामिल हुए और इमाम हुसैन व उनके साथियों को पुरसा पेश किया। कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालु काले वस्त्र पहनकर “या हुसैन” की सदाओं के साथ मातम करते रहे। इस अवसर पर साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार शहंशाह आब्दी भी मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर विशेष पंडाल भी बनाया गया था, जहां विभिन्न श्रद्धांजलि प्रदर्शनों को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। जुलूस की प्रमुख विशेषता 18 बनी हाशिम के ताबूत तथा ज़ुल्जनाह (इमाम हुसैन से जुड़ा प्रतीकात्मक घोड़ा) की शिरकत रही। अज़ादारों ने करबला के शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मजलिस को संबोधित करने के लिए लखनऊ से हुज्जतुल इस्लाम मौलाना क़मर अब्बास खान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सैयद ज़ीशान अली आज़मी ने किया। वहीं सोज़ख़्वानी आसिफ़ नक़वी, हुसैन साहब, आदिल नक़वी और ताबिश हैदर ने पेश की। नौहाख़्वानी और सीना-ज़नी में अंजुमन नासेरुल अज़ा (प्रयागराज), अंजुमन हैदरी (हल्लौर), अंजुमन गुलशन-ए-इस्लाम (अंबेडकर नगर), अंजुमन जाफ़रिया (फतेहपुर) तथा अंजुमन नकविया (मुस्तफ़ाबाद) सहित विभिन्न अंजुमनों ने हिस्सा लेकर करबला के शहीदों को पुरसा पेश किया। आयोजन की व्यवस्थाएं 18 बनी हाशिम कमेटी की ओर से की गईं। कमेटी के कन्वीनर सुल्तान अब्बास के नेतृत्व में बाहर से आए अज़ादारों के लिए नाश्ता, भोजन और सबील की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के समापन पर कमेटी ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।







