MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चंद्र पाण्डेय) विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में श्रम विभाग, मीरजापुर तथा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में होटल कोणार्क ग्रैंड, मीरजापुर में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य मानव तस्करी, ऑनलाइन ठगी तथा रोजगार के नाम पर होने वाले छल-कपट के विभिन्न तरीकों के प्रति समाज को जागरूक करना एवं मानव तस्करी की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों और समुदाय के बीच समन्वय को मजबूत करना था। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं के विशेषज्ञों ने बताया कि मानव तस्करी केवल महिलाओं और बच्चों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार, शिक्षा, विवाह और अन्य झूठे प्रलोभनों के माध्यम से भी लोग इसके शिकार बन रहे हैं। प्रतिभागियों को सुरक्षित प्रवासन, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान, समय पर सूचना देने की प्रक्रिया तथा सरकारी सहायता तंत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं समुदाय के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए मानव तस्करी की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के प्रतिनिधियों ने कहा कि मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या से निपटने के लिए प्रशासन, विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन की संयुक्त भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही इस अपराध की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मानव तस्करी के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने, संदिग्ध मामलों की समय पर सूचना देने तथा प्रत्येक व्यक्ति के सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन के अधिकार की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी (पुलिस), जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एएचटीयू, जिला समन्वयक चाइल्डलाइन मीरजापुर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, अधिवक्ता श्री संभव गुप्ता, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान, वाराणसी के कार्यकर्ता तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम तभी सार्थक होंगे, जब इनके साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी धरातल पर उतरना अब अत्यंत आवश्यक है। कप्तान साहब से अनुरोध हैं कि इस दिशा में विशेष ध्यान देकर ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।







