PRATAPGARH NEWS: लालगंज तहसील परिसर में बारिश के जलजमाव की समस्या को लेकर गुरूवार को भी कामकाज प्रभावित हुआ दिखा। अदालतो के पहुंच मार्ग तक पानी जमा होने के कारण अधिवक्ताओ ने न्यायिक कामकाज से विरत रहने का निर्णय लिया। वही वादकारियो तथा फरियादियों को भी प्रशासनिक कार्यालयो एवं अदालतो तक पहुंचने मे कठिनाईयो का सामना करते देखा गया। हालांकि एसडीएम के निर्देश पर परिसर में बरसात के कारण जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत कार्यदायी संस्था द्वारा बोरिंग का कार्य भी शुरू कराया गया है। जलजमाव के कारण बुधवार को भी तहसील में कामकाज पर विपरीत प्रभाव देखा गया। संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी व वरिष्ठ उपाध्यक्ष अबरार अहमद खान तथा उपाध्यक्ष नामवर सिंह ने गुरूवार को साथियों के साथ एसडीएम से मुलाकात कर समस्या के शीघ्र समाधान पर जोर दिया। एसडीएम वाचस्पति सिंह ने अधिवक्ताओं को शीघ्र समस्या के निस्तारण का भरोसा दिलाया।







