जिलाधिकारी ने 48 घंटे में निस्तारण के दिए निर्देश
PRAYAGRAJ NEWS: बेनीगंज निवासी अर्पित केसरवानी, पुत्र स्वर्गीय राम जी केसरवानी, के नैनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या G-56 के विवाद का मामला आज जिला व्यापारी बंधु की बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। इस प्रकरण को प्रयागराज व्यापार मंडल की ओर से चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता एवं जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए पीड़ित व्यापारी को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। बैठक में बताया गया कि अर्पित केसरवानी ने उक्त प्लॉट अरुण मिश्रा से क्रय किया था तथा मई 2021 में जिला उद्योग केंद्र (DIC) द्वारा उनके नाम प्लॉट का आवंटन भी हो चुका है। इसके बावजूद उनका आरोप है कि न्यायालय के आदेश होने के बाद भी आज तक उन्हें प्लॉट का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका है। पीड़ित का आरोप है कि राजस्व विभाग की कथित लापरवाही एवं मिलीभगत के कारण उन्हें वर्षों से न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसी प्रकरण के दौरान उनके पिता स्वर्गीय राम जी केसरवानी को कथित रूप से धमकियां दी गई थीं, जिसके बाद उन्हें हृदयाघात हुआ और उनका निधन हो गया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अर्पित केसरवानी ने बताया कि इस लंबे विवाद के कारण उनका परिवार मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक रूप से अत्यंत परेशान है तथा परिवार का भरण-पोषण करना भी कठिन हो गया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित डीआईसी के महाप्रबंधक (जीएम) शरद टंडन को निर्देशित किया कि इस प्रकरण का 48 घंटे के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। बैठक में उपस्थित अन्य सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भी पीड़ित व्यापारी के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया तथा प्रकरण के निस्तारण में हो रहे अत्यधिक विलंब पर गहरा रोष प्रकट किया। बैठक में मुख्य रूप से प्रयागराज व्यापार मंडल के चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी, संरक्षक राम जी केसरवानी, संरक्षक कृष्ण मोहन गुप्ता, जिला वरिष्ठ महामंत्री अखिलेश केसरवानी, जिला वरिष्ठ महामंत्री विजय केसरवानी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता, जिला महामंत्री प्रशांत पांडे, जिलाध्यक्ष गंगापार सुरेश चौरसिया, जिला उपाध्यक्ष रंजीत केसरवानी, तहसील प्रभारी मनीष साहू, जिला उपाध्यक्ष बनारसी साहू एवं जिला उपाध्यक्ष मुदित खत्री उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राना चावला, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक राजीव कृष्ण श्रीवास्तव, इंडियन बुलियन एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह, प्रयाग सर्राफा मंडल के अध्यक्ष संजय वर्मा, महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष अवंतिका टंडन तथा जिला अध्यक्ष महिला जूही श्रीवास्तव सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के अनेक पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।







