Home उत्तर प्रदेश सिराथू में निपुण भारत मिशन को मिली नई मजबूती, एफएलएन प्रशिक्षण का...

सिराथू में निपुण भारत मिशन को मिली नई मजबूती, एफएलएन प्रशिक्षण का पहला चरण संपन्न

शिक्षकों को दिए गुणवत्ता पूर्ण शिक्षण के मंत्र: डा प्रज्ञा सिंह
FATEHPUR NEWS: निपुण भारत मिशन के अंतर्गत विकास खंड सिराथू में आयोजित मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता प्रशिक्षण के प्रथम चरण का पांच दिवसीय कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ एवं समापन खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह के निर्देशन में हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाना तथा विद्यार्थियों में भाषा एवं गणित की आधारभूत दक्षताओं का विकास करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान दो बैचों में कुल 100 शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों, गतिविधि आधारित शिक्षण, शिक्षण-अधिगम सामग्री  के प्रभावी उपयोग तथा निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, प्रभावी और बाल-केंद्रित बनाने के विभिन्न नवाचारों से भी शिक्षकों को अवगत कराया गया। समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण तभी सफल माना जाएगा, जब इसकी सीख का सीधा लाभ बच्चों तक पहुंचे। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में प्रशिक्षण में सीखी गई गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाएं, नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान दें तथा नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन भरवाएं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर अवसर मिल सकें।उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक निपुण विद्यालय की संकल्पना को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत बनाए।समापन कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक, एसआरजी, एआरपी एवं प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं नवाचारों को अपने-अपने विद्यालयों में लागू कर निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने का संकल्प लिया।