PRAYAGRAJ NEWS: भारतीय किसान यूनियन (भानू) द्वारा विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता, यमुनापार प्रयागराज को सौंपे गए ज्ञापन के बाद संगठन ने 27 जुलाई को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि ज्ञापन में अवर अभियंता मार्कण्डेय सिंह यादव पर पद के दुरुपयोग, दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई तथा धन की मांग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस प्रकरण में संबंधित अवर अभियंता का प्रयागराज से गैर जनपद स्थानांतरण किए जाने के बाद संगठन ने मुख्य अभियंता कार्यालय पर प्रस्तावित धरने को कुछ समय के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है। भाकियू (भानू) ने कहा कि पूर्व में दर्ज कराई गई शिकायतों तथा एफआईआर क्रमांक 2480 एवं 2493 से जुड़े मामलों के निष्पक्ष एवं शीघ्र निस्तारण का आश्वासन मिला है। इसी के मद्देनजर संगठन ने फिलहाल आंदोलन को टालते हुए प्रशासन को कार्रवाई का अवसर दिया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण नहीं किया गया और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी तिथि घोषित कर मुख्य अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। संगठन की ओर से कहा गया कि आंदोलन की अगली सूचना संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध करा दी जाएगी।







