Home उत्तर प्रदेश फिरोज पप्पू हत्याकांड में 7 अगस्त को आएगा फैसला,दोनों पक्षों की बहस...

फिरोज पप्पू हत्याकांड में 7 अगस्त को आएगा फैसला,दोनों पक्षों की बहस पूरी

BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) बलरामपुर में पूर्व सांसद रिजवान जहीर से जुड़े गैंगस्टर एक्ट और पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड के मामलों में सुनवाई पूरी हो गई है। एमपी-एमएलए कोर्ट ने दोनों मामलों में फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब अदालत 7 अगस्त को अपना निर्णय सुनाएगी। गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा 21 जुलाई 2024 को तुलसीपुर थाने में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह की तहरीर पर दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद 30 जुलाई 2025 को एमपी-एमएलए कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार तृतीय की अदालत में चल रही है। इस प्रकरण में पूर्व सांसद रिजवान जहीर को पहले ही जमानत मिल चुकी है।
2022 के चर्चित पप्पू हत्याकांड से जुड़ा है मामला
पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की 4 जनवरी 2022 की रात तुलसीपुर-जरवा मार्ग पर हत्या कर दी गई थी। इस चर्चित मामले में पुलिस ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान, दामाद रमीज नेमत समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। यह मामला भी एमपी-एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है।
दोनों पक्षों की बहस पूरी
शुक्रवार को दोनों मामलों में अभियोजन और बचाव पक्ष ने अपनी अंतिम दलीलें अदालत के समक्ष प्रस्तुत कीं। बहस पूरी होने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार तृतीय ने फैसला सुरक्षित रख लिया। अदालत ने दोनों मामलों में निर्णय सुनाने के लिए 7 अगस्त की तारीख निर्धारित की है। बहुचर्चित मामलों में अब सभी की निगाहें अदालत के फैसले पर टिकी हैं।