Home उत्तर प्रदेश तक्षशिला इंटरनेशनल कॉलेज में लगी ‘ट्रैफिक की पाठशाला’, 400 विद्यार्थियों ने ली...

तक्षशिला इंटरनेशनल कॉलेज में लगी ‘ट्रैफिक की पाठशाला’, 400 विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ

FATEHPUR NEWS: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से संचालित “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” अभियान के अंतर्गत तक्षशिला इंटरनेशनल कॉलेज, बहुराजपुर में “ट्रैफिक की पाठशाला” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 400 छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। कार्यक्रम का आयोजन एनएचएआई पीआईयू कानपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के निर्देशानुसार तथा यूएचपीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर अरुण सेंथिल एवं आनंद सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विद्यालय की प्राचार्या स्वप्ना गुप्ता भी उपस्थित रहीं। वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेज गति और बिना हेलमेट वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण है। यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का पालन करे तो बड़ी संख्या में दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इस अवसर पर आनंद सिंह राजपूत ने कहा कि देश में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली सर्वाधिक मौतें तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने के कारण होती हैं, जो अत्यंत चिंता का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ के साथ विकाश गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, शिखा यादव, सैलजा यादव, यूसरा जैदी सहित यूएचपीएल की ओर से पंकज मौर्य तथा हाईवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।