Home उत्तर प्रदेश उच्च प्राथमिक विद्यालय बहुराजमऊ में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

उच्च प्राथमिक विद्यालय बहुराजमऊ में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ, यातायात नियमों के पालन का लिया संकल्प
UNNAO NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के अंतर्गत बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पीआईयू कानपुर के तत्वावधान में उच्च प्राथमिक विद्यालय बहुराजमऊ, जनपद उन्नाव में सड़क सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का आयोजन एनएचएआई पीआईयू कानपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के मार्गदर्शन तथा उन्नाव-लालगंज हाईवे के प्रोजेक्ट मैनेजर सेंथिल अरुण कुमार के निर्देशन में प्रधानाचार्य पूनम सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ एवं सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सड़क पर सुरक्षित चलने के विभिन्न नियमों की जानकारी दी। उन्होंने सड़क संकेतों की पहचान, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का सुरक्षित उपयोग, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा रॉन्ग साइड वाहन न चलाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। यदि प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी के साथ नियमों का पालन करे तो अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा अभियान से जुड़े आनंद राजपूत ने कहा कि “सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है। यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल अपना जीवन सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकते हैं।” कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा की शपथ लेते हुए हमेशा यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम सिंह, शिक्षिका रश्मि सिंह, सीमा देवी, दिनेश सिंह, सोनी तिवारी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं उन्नाव-लालगंज हाईवे की ओर से पंकज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।