Home करियर बिहार म्यूजियम में इंटर्नशिप का मौका, हर महीने ₹8,000 तक स्टाइपेंड; आवेदन...

बिहार म्यूजियम में इंटर्नशिप का मौका, हर महीने ₹8,000 तक स्टाइपेंड; आवेदन शुरू

पटना। करियर की शुरुआत करने वाले युवाओं के लिए बिहार संग्रहालय ने इंटर्नशिप का शानदार अवसर उपलब्ध कराया है। मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के तहत आयोजित इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को कला-संस्कृति, डेटा मैनेजमेंट और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि इंटर्नशिप के तहत चार रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। इसमें इंटर मीडिया असिस्टेंट तथा डेटा मैनेजमेंट एवं एमआईएस रिपोर्टिंग के पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को देश के प्रतिष्ठित संग्रहालयों में से एक बिहार म्यूजियम में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके करियर और रिज्यूमे को मजबूती मिलेगी।

योग्यता की बात करें तो इंटर मीडिया असिस्टेंट पद के लिए अभ्यर्थी के पास फाइन आर्ट्स में बीएफए या एमएफए की डिग्री होना आवश्यक है। वहीं डेटा मैनेजमेंट एवं एमआईएस रिपोर्टिंग पद के लिए कॉमर्स या मैनेजमेंट विषय के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।

स्टाइपेंड: चयनित अभ्यर्थियों को तीन माह तक ₹6,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। पटना के बाहर से आने वाले उम्मीदवारों को ₹2,000 अतिरिक्त भत्ता मिलेगा। इस प्रकार बाहरी अभ्यर्थियों को कुल ₹8,000 प्रतिमाह तक की सहायता राशि प्राप्त होगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।