PRAYAGRAJ NEWS: शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के पूरेभट्टू गांव में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में पसरा सन्नाटा! जबकि मृतक के परिवार में मचा कोहराम कोहराम । सूचना पर पहुंची शंकरगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज भेज दिया। जानकारी के अनुसार, पूरेभट्टू गांव निवासी कमलेश मिश्रा (42) पुत्रचंद्रशेखर मिश्रा शुक्रवार को अपने घर पर मौजूद थे। बताया जाता है कि उन्होंने घर में रखा स्टैंड पंखा दूसरी जगह करने के लिए जैसे ही उसे हाथ लगाया, पंखे में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता मिश्रा, मां तथा तीन पुत्र अंजनी (17 वर्ष), आदित्य (10 वर्ष) और देव (5 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से 11 हजार वोल्ट की जर्जर बिजली लाइनें और तार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने इन्हें बदलने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि 6 नवंबर 2025 को भी बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण करंट लगने से एक क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौत हो चुकी थी, लेकिन उसके बाद भी विभाग ने जर्जर तारों को नहीं बदला।ग्रामीणों ने बिजली विभाग ने जल्द ही जर्जर तारों को बदलने की मांग की है।







