विधिक साक्षरता शिविर में संविधान, महिला सुरक्षा, बाल अधिकार और साइबर अपराध पर किया गया जागरूक
सचिव पलाश गांगुली बोले— पीड़ितों को मिलेगी निःशुल्क कानूनी सहायता
FATEHPUR NEWS: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फतेहपुर के तत्वावधान में लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, शिक्षा का अधिकार तथा किशोर न्याय अधिनियम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली उपस्थित रहे। उनका स्वागत जिला अपराध निरोधक समिति के सचिव एवं जेल पर्यवेक्षक बिपिन बिहारी शरण ने अंगवस्त्र पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। अपने संबोधन में सचिव पलाश गांगुली ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं पीड़ित व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय, उत्पीड़न या किसी प्रकार का शोषण होता है, तो वह बिना किसी भय के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकता है। पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने सहित आवश्यक कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होने से व्यक्ति न केवल स्वयं जागरूक बनता है, बल्कि दूसरों को भी न्याय दिलाने में सहयोग कर सकता है। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की भी सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) अवधेश कुमार एवं रामेंद्र श्रीवास्तव ने भी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोग, दिव्यांगजन तथा अन्य पात्र वर्ग निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमिताभ बिहारी शरण ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर कमलचंद वर्मा, नमामि गंगे के संयोजक शैलेंद्र शरण सिंपल, आशीष मिश्रा, सर्वेश श्रीवास्तव, रवि गुप्ता, अब्दुल कुद्दूश, राजकुमार, अंशुमान, जुबेरिया, इशरत जहां, अंजलि, रवि कुमार, अवधेश श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने छात्र-छात्राओं को बताए कानूनी अधिकार, निःशुल्क विधिक...







