Home उत्तर प्रदेश दिल की सेहत अब फतेहपुर में सुरक्षित, यूरो केयर का हुआ शुभारंभ

दिल की सेहत अब फतेहपुर में सुरक्षित, यूरो केयर का हुआ शुभारंभ

हार्ट अटैक अब सिर्फ बुजुर्गों की बीमारी नहीं – हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग गुप्ता
FATEHPUR NEWS: शहर में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा, जब यूरो केयर का शुभारंभ वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग गुप्ता ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के अवसर पर आयोजित निःशुल्क हृदय रोग परामर्श एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 150 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनुराग गुप्ता (एमबीबीएस, एएफएमसी पुणे, एमडी मेडिसिन-गोल्ड मेडलिस्ट, डीएम कार्डियोलॉजी, सेंट जॉन्स मेडिकल कॉलेज, बेंगलुरु) ने कहा कि पहले हृदय रोगों को बढ़ती उम्र से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, मानसिक तनाव, अनियमित खानपान, धूम्रपान, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण कम उम्र के लोग भी तेजी से हार्ट अटैक और अन्य हृदय रोगों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते हृदय रोग के शुरुआती संकेतों को पहचान लिया जाए तो गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। छाती में दर्द, सीने में जकड़न, तेज धड़कन, थोड़ी दूरी चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना, अचानक चक्कर आना, अत्यधिक थकान और पसीना आना जैसे लक्षणों को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर, मधुमेह और बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल हृदय की धमनियों को प्रभावित करते हैं, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। डॉ. अनुराग गुप्ता ने कहा कि चिकित्सक का कार्य केवल दवा देना नहीं, बल्कि लोगों को बीमारी के कारणों और उससे बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि ग्रीक भाषा में “डॉक्टर” शब्द का अर्थ “शिक्षक” होता है और एक अच्छे चिकित्सक की जिम्मेदारी मरीज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और तनावमुक्त जीवन हृदय रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि अब यूरो केयर के माध्यम से प्रत्येक माह लगभग 15 दिन फतेहपुर में कार्डियोलॉजी ओपीडी संचालित की जाएगी, जिससे जिले के मरीजों को हृदय रोगों के उपचार के लिए कानपुर, प्रयागराज या लखनऊ जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। साथ ही जल्द ही संस्थान में ईकोकार्डियोग्राफी (ईको) जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधा भी शुरू की जाएगी। यूरो केयर प्रबंधन ने बताया कि संस्थान में हृदय रोगों के अलावा यूरोलॉजी से संबंधित बीमारियों का भी आधुनिक तकनीक से उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। पेशाब में संक्रमण, पेशाब में खून आना, प्रोस्टेट की समस्या, किडनी स्टोन तथा मूत्र संबंधी अन्य रोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिलेगी। शिविर में आए करीब 150 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों का ब्लड प्रेशर, शुगर सहित आवश्यक जांच कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिलाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब जिले में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलने से समय और धन दोनों की बचत होगी। यूरो केयर के प्रबंधक हिमांशु राय ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य फतेहपुर और आसपास के लोगों को महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन अवसर पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 150 मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श किया गया, जिसे लोगों का भरपूर सहयोग मिला। आने वाले समय में भी नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता अभियान और विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी आयोजित की जाएगी, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनुराग गुप्ता ने यूरो केयर की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान जिले के लोगों को बेहतर एवं विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करेगा। इस अवसर पर डॉ. अनुराग गुप्ता, डॉ. हिमांशु राज, डॉ. अनुभा गुप्ता, कोमल गुप्ता, यूरो केयर के प्रबंधक हिमांशु राय, सम्पत स्टाफ तथा सैकड़ों मरीज उपस्थित रहे।