Home उत्तर प्रदेश जनता की शिकायतों का समय पर निस्तारण करें, लंबित काम जल्द पूरे...

जनता की शिकायतों का समय पर निस्तारण करें, लंबित काम जल्द पूरे हों: एसडीएम

KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील सभागार मे शुक्रवार को  नवागत एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवागत तहसीलदार संजय कुमार दुबे, नायब तहसीलदार विनय सिंह, राजस्व निरीक्षक एवं  लेखपाल एवं अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे। बैठक में तहसील स्तर के विभिन्न राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए शिकायतों का निस्तारण नियमों के अनुसार किया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।बैठक में तालाब के लिए भूमि आवंटन, स्वामित्व योजना के अंतर्गत लंबित सात ग्रामों के कार्यों, अंश निर्धारण को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा कृषक दुर्घटना सहायता योजना के लंबित 33 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।एसडीएम ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तहसील स्तर पर राजस्व कार्यों में सुधार लाते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का निस्तारण समय सीमा के भीतर करना सभी की जिम्मेदारी है।बैठक में तहसीलदार संजय कुमार दुबे एवं नायब तहसीलदार विनय सिंह ने भी राजस्व कर्मियों को निर्देशों का पालन करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा। इस दौरान  तहसील के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।