Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने की फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा

जिलाधिकारी ने की फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा

लंबित मामलों को तत्काल पूरा करने के दिए निर्देश
SAHARANPUR NEWS: जिलाधिकारी  अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली फार्मर रजिस्ट्री (डिजिटल किसान डेटाबेस) योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने जनपद में लंबित मामलों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह कार्य शासन के एजेंडे में शीर्ष पर है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष जनपद की वर्तमान स्थिति का विवरण प्रस्तुत किया।  सहारनपुर में कुल 3,44,019 किसानों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 2,84,189 फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में 59,830 रजिस्ट्री का कार्य अवशेष है, जिससे जनपद की कुल उपलब्धि 82.61 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विशेष प्रयास करें ताकि सहारनपुर का औसत राज्य के मुख्य औसत से ऊपर आ सके। उन्होंने डिजिटल किसान आईडी बनाने के इस महत्वपूर्ण कार्य में हर स्तर पर गति लाने की बात कही। लंबित कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए उन्होंने बहु-विभागीय टीमों को पूरी तरह से मैदान में उतारने का निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त मैन पावर का उपयोग करते हुए शेष कार्य को तत्काल प्रभाव से निपटाया जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करना होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उक्त कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, सभी जिम्मेदार अधिकारियों को दैनिक रूप से एक निश्चित लक्ष्य (डेली टारगेट) निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन  संतोष बहादुर सिंह, पीडी डीआरडीए  प्रणय कृष्ण, उप कृषि निदेशक  संदीप पाल सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।