KUSHINAGAR NEWS: जनपद में अपहरण से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी कसया अजय कुमार सिंह ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात पुलिस कार्यालय सभागार में अहम बैठक की। बैठक में थाना कसया, कोतवाली हाटा और कप्तानगंज के सभी विवेचक अपनी-अपनी विवेचना की पूरी पत्रावली के साथ मौजूद रहे। CO ने अपहृत/अपहृता की बरामदगी से संबंधित प्रकरणों की बारीकी से समीक्षा की और अब तक की गई कार्रवाई का लेखा-जोखा लिया।
दिए ये जरूरी निर्देश
CO अजय कुमार सिंह ने लंबित अभियोगों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए विवेचकों को प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों से प्राप्त आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही IGRS पोर्टल और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। CO ने स्पष्ट किया कि पीड़ितों को समय से न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामदगी वाले मामलों में तेजी लाने के लिए विवेचकों को टास्क भी सौंपे गए हैं। बैठक में तीनों थानों के विवेचक मौजूद रहे।







