Home उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड राज्य गठन की मांग तेज, संसद के साथ विधानसभा क्षेत्रों के...

बुंदेलखंड राज्य गठन की मांग तेज, संसद के साथ विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन की उठी मांग

बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, राज्य गठन नहीं होने पर चुनावी आंदोलन की दी चेतावनी

JHANSI NEWS: बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुधवार को गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने “कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे” और “बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे, जैसे दोगे वैसे लेंगे” जैसे नारे लगाते हुए प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र सरकार अपने 12 वर्षों की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार कर रही है, लेकिन बुंदेलखंड राज्य गठन के संबंध में जनता से किए गए वादे को पूरा नहीं किया गया। मोर्चा ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बुंदेली जनता से तीन वर्ष के भीतर अलग बुंदेलखंड राज्य बनाने का आश्वासन दिया गया था, जिसके आधार पर क्षेत्र की अधिकांश सीटों पर जीत हासिल की गई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। मोर्चा ने मांग की कि झांसी, जालौन, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट सहित उत्तर प्रदेश तथा सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह, दतिया समेत मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र और अन्य संबंधित तहसीलों को मिलाकर अखंड बुंदेलखंड राज्य का गठन किया जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि संसद के साथ-साथ देश की सभी विधानसभाओं का भी परिसीमन (डीलिमिटेशन) कराया जाए, ताकि छोटे राज्यों के गठन का मार्ग प्रशस्त हो सके। मोर्चा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि पहले राज्य निर्माण की मांग करते थे, लेकिन अब सत्ता के दबाव में इस मुद्दे से पीछे हट रहे हैं। इससे जनता में यह संदेश गया है कि सत्ता पक्ष की कथनी और करनी में अंतर है। मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र अलग बुंदेलखंड राज्य का गठन नहीं किया गया तो संगठन आगामी चुनावों में जनजागरण अभियान चलाकर राज्य निर्माण का विरोध करने वाले सांसदों और विधायकों को हराने के लिए जनता से समर्थन मांगेगा। इस दौरान मोर्चा के प्रवक्ता रघुराज शर्मा, रजनीश श्रीवास्तव, प्रदीप नाथ झा, हनीफ खान, प्रदीप गुर्जर, बृजेश राय, नरेश वर्मा, प्रेम सपेरा, अभिषेक तिवारी, अरुण रायकवार, विजय रायकवार, शंकर रायकवार, प्रभूदयाल कुशवाहा, कुलवंत सिंह खालसा, धनश्याम गौतम, जिला अध्यक्ष अनिल कश्यप, राजेश लोहिया, मोहम्मद शफीक, शाहजहां बेगम, कुंती राय, शबनम आरा खान, ममता देवी, शाइदा बेगम, राधा वर्मा, रजनी वर्मा, मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।