FATEHPUR NEWS: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) फतेहपुर में एनसीईआरटी आधारित नई पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एकेडमिक रिसोर्स पर्सन्स (एआरपी) का पांच दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया। प्रशिक्षण का आयोजन उप शिक्षा निदेशक आरती गुप्ता की अध्यक्षता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्या के निर्देशन तथा जिला समन्वयक प्रशिक्षण अशोक त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शैक्षणिक सत्र 2026-27 में लागू हिंदी, गणित और अंग्रेजी की नई एनसीईआरटी आधारित पाठ्यपुस्तकों, कार्यपुस्तिकाओं एवं शिक्षण-अधिगम सामग्री के प्रभावी उपयोग के लिए एआरपी को प्रशिक्षित करना है, ताकि वे विद्यालयों में शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग प्रदान कर सकें। प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय संदर्भदाता एवं डायट प्रवक्ताओं ने बताया कि निपुण भारत मिशन के तहत अब बाल वाटिका से कक्षा पांच तक के सभी बच्चों को निपुण बनाने के लक्ष्य पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए कक्षा चार की नई पुस्तकें ‘वीणा’ (हिंदी), ‘गणित मेला’ (गणित) और ‘संतूर’ (अंग्रेजी) के साथ दक्षता आधारित शिक्षण, गतिविधि आधारित शिक्षण, कार्यपुस्तिका का प्रभावी उपयोग, कक्षा आधारित मूल्यांकन, सुधारात्मक शिक्षण तथा बच्चों की सीखने की प्रगति के अनुश्रवण पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पीपीटी, वीडियो, समूह चर्चा, रोल प्ले, डेमो और खेल आधारित गतिविधियों का सहारा लिया जा रहा है। विशेषज्ञों ने कहा कि एआरपी केवल अनुश्रवणकर्ता नहीं, बल्कि विद्यालयों के अकादमिक मेंटर के रूप में कार्य करेंगे और शिक्षकों को नई शिक्षण रणनीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग देंगे। प्रशिक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा उत्तर प्रदेश को “निपुण प्रदेश” बनाने के अभियान को नई गति प्राप्त होगी।







