Home उत्तर प्रदेश स्कूल चलो अभियान की रैली से गूंजा कायमपुर, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण...

स्कूल चलो अभियान की रैली से गूंजा कायमपुर, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

उच्च प्राथमिक विद्यालय कायमपुर में शिक्षा और हरियाली का संदेश, ग्रामीणों को शत-प्रतिशत नामांकन के लिए किया प्रेरित
KAUSHAMBI NEWS: विकासखंड कौशांबी के उच्च प्राथमिक विद्यालय कायमपुर में सोमवार को स्कूल चलो अभियान रैली व वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा का संदेश दिया, वहीं विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय के मुख्य द्वार से निकली स्कूल चलो अभियान की रैली में छात्र-छात्राएं बैनर और तख्तियां लेकर गांव की गलियों से गुजरे। ढोल-नगाड़ों और शिक्षा संबंधी नारों के बीच बच्चों ने ग्रामीणों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने और नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। रैली को ग्रामीणों का भी अच्छा सहयोग मिला। रैली के बाद विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाध्यापक, शिक्षकों, इको क्लब के पदाधिकारियों व छात्र-छात्राओं ने औषधीय और छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान बच्चों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। प्रधानाध्यापक घनश्याम मिश्रा ने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। शिक्षित समाज ही प्रकृति के संरक्षण के महत्व को समझ सकता है। उन्होंने बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षक अमरेंद्र त्रिपाठी, राजू सिंह, कमलेश सिंह एवं अरविंद सहित इको क्लब के पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यालय परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताया।